वोट नहीं दिया तो... पेट में कीड़े! पूर्व विधायक का बयान वायरल, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
21 Aug, 2026
by Admin
हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर में उनके जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में संजय गुप्ता मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि जो उन्हें वोट नहीं देगा, उसके पेट में कीड़े पड़ेंगे और पेट फट जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्व विधायक ने जनता के लिए शुद्ध पानी की व्यवस्था किए जाने का जिक्र किया। इसके बाद उन्होंने वोट से जोड़ते हुए विवादित अंदाज में यह टिप्पणी कर दी।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे हास्यास्पद और अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला बयान बता रहे हैं, तो कुछ यूजर्स व्यंग्य करते हुए पूछ रहे हैं कि अब चुनाव में वोट मांगने के लिए विकास के मुद्दे काफी नहीं रहे, क्या ‘कीड़ों’ का डर भी दिखाना पड़ेगा?
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि वोट लोकतांत्रिक अधिकार है, कोई ऐसा मंत्र नहीं कि न देने पर पेट में कीड़े पड़ जाएं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि नेताओं को जनता से वोट मांगते समय भाषा और शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
फिलहाल, बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।