Breaking News:
Image not found
04 Aug, 2026 by Admin


हल्द्वानी संभाग में परिवहन विभाग के विशेष चेकिंग अभियान में 257 वाहनो के चालान व 22 वाहन सीज।* 


हल्द्वानी में परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू, पहले ही दिन दिखी सख्ती; ऑटो चालकों ने उठाए रोजी-रोटी से जुड़े सवाल


तीन दिवसीय अभियान के पहले दिन वाहनों की सघन जांच, काली फिल्म और अवैध एलईडी लाइटों पर कार्रवाई;


जीरो जोन में अवैध संचालन को लेकर ऑटो चालकों ने जताई नाराजगी।

हल्द्वानी। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) डॉ. गुरदेव सिंह के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने मंगलवार से तीन दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान की शुरुआत कर दी। अभियान के पहले ही दिन शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कई वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म और अवैध फैंसी एलईडी लाइटें हटवाई गईं।

अभियान का असर पहले दिन से ही शहर की सड़कों पर साफ दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ऑटो चालक निर्धारित वर्दी पहनकर अपने वाहनों के साथ नजर आए और यातायात नियमों का पालन करते दिखे। परिवहन विभाग की टीम ने विशेष रूप से ऐसे वाहनों की जांच की, जिनमें काले शीशों पर फिल्म लगी थी या निर्धारित मानकों के विपरीत तेज रोशनी वाली फैंसी एलईडी लाइटें लगाई गई थीं। अधिकारियों ने ऐसे वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुए मौके पर ही अवैध संशोधन हटवाए।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना, दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना और शहर में अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। अभियान के तहत अगले दो दिनों तक भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यवाही...

 परिवहन विभाग के द्वारा अनाधिकृत रूप से ब्लैक फिल्म एवं हाई डेंसिटी लाइट लगाकर संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई जिसमे हल्द्वानी संभाग के अंतर्गत हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर ,काशीपुर, टनकपुर कार्यालय के प्रवर्तन दलों के द्वारा कुल 257 वाहनों के चालान किए गए और 22 वाहनों को सीज किया गया। सीज वाहनों में बाइक, ऑटो, जीप,भार वाहन आदि सम्मिलित है।

इस चेकिंग अभियान में ब्लैक फिल्म के अभियोग में 28 और अनाधिकृत हाई डेंसिटी की लाइट लगाने पर 26 वाहनो के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई, इसके साथ ही वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म और अनधिकृत लाइटों को हटाया भी गया । इसके अतिरिक्त फिटनेस, टैक्स, परमिट शर्तों का उल्लंघन ,हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोड, इंश्योरेंस आदि के अभियोग में भी कार्रवाई की गई।

प्रवर्तन कार्रवाई में एआरटीओ रामनगर श्री पंकज श्रीवास्तव, हल्द्वानी में परिवहन कर अधिकारी श्री पवन कुमार, गोविंद, जगदीश , रुद्रपुर उप संभाग में परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल, आनंद प्रकाश गुप्ता, आशुतोष डिमरी, काशीपुर उप संभाग में एआरटीओ संदीप वर्मा, परिवहन कर अधिकारी अनिल, सचिन, नंदन आर्य एवं टनकपुर उप संभाग में सहायक परिवहन अधिकारी श्री मनोज बागोरिया एवं परिवहन कर अधिकारी श्री प्रमोद चौधरी कार्रवाई में सम्मलित रहे ।

हमारी भी सुनो...

जहां एक ओर परिवहन विभाग नियमों के पालन को लेकर सख्त नजर आया, वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी में ऑटो संचालकों ने अपनी आजीविका से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए। ऑटो चालकों का कहना है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए संचालन कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल उन्हीं पर केंद्रित रहती है, जबकि कई अन्य वाहन खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।

ऑटो चालकों के अनुसार, नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक से ओके होटल तक तथा ओके होटल से मंगलपड़ाव तक के क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। इसके बावजूद बिना अनुमति संचालित ई-रिक्शा और अन्य वाहन लगातार इन प्रतिबंधित क्षेत्रों में सवारियां उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि वैध परमिट और नियमों के अनुसार चलने वाले ऑटो चालकों पर तो कार्रवाई होती है, लेकिन अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

'समान कार्रवाई हो, तभी मिलेगा न्याय'

ऑटो संचालकों का कहना है कि यदि जीरो जोन के नियमों का समान रूप से पालन नहीं कराया गया तो उनकी रोजी-रोटी पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की कि नियम सभी प्रकार के वाहनों पर समान रूप से लागू किए जाएं और अवैध रूप से सवारी ढोने वाले ई-रिक्शा एवं अन्य वाहनों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन चालक के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित वर्दी और नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न करें, जिससे सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, इसके अंतर्गत ब्लैक फिल्म, अनधिकृत हाई डेंसिटी वाली लाइट आदि लगाने के साथ अनाधिकृत संचालन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की जायेगी।