कलियर दरगाह में जायरीनों से कथित अवैध उगाही का आरोप, वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप
11 Aug, 2026
by Admin
रुड़की। विश्व प्रसिद्ध पिरान कलियर शरीफ स्थित दरगाह हजरत साबिर पाक रहमतुल्लाह अलैह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन अकीदत के साथ पहुंचते हैं। इसी बीच दरगाह परिसर में जायरीनों से कथित तौर पर अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग जायरीनों से पैसे लेते हुए नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि रोजे मुबारक के एंट्री गेट पर कुछ लोग खुद को दरगाह का कर्मचारी बताकर जायरीनों को रोकते हैं और फूलों के हदिये सहित अलग-अलग नामों पर उनसे पैसे की मांग करते हैं। इसके अलावा दरगाह परिसर में कमरों के सामने भी जायरीनों से पैसे लिए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद उठे सवाल
कथित वसूली का वीडियो सामने आने के बाद दरगाह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और उनके दरगाह के अधिकृत कर्मचारी होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि दरगाह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बीच इस तरह की कथित वसूली हो रही है, तो जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी?
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अब दरगाह प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठ रही है।
व्यापार मंडल संगठन पिरान कलियर के अध्यक्ष खालिद साबरी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।