Breaking News:
Image not found
11 Aug, 2026 by Admin

“स्मार्ट मीटर अपनाएं, बिजली सेवाओं को बनाएं और भी स्मार्ट”

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से विद्युत उपभोक्ताओं को आधुनिक, पारदर्शी और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। विद्युत परीक्षण खण्ड, हल्द्वानी के अनुसार नैनीताल जनपद क्षेत्र में अब तक 83,346 उपभोक्ताओं के परिसरों में पारंपरिक मीटरों को हटाकर अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं।

UPCL के अनुसार भारत सरकार द्वारा निर्धारित विद्युत संबंधी प्रावधानों और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) की अधिसूचना के अनुरूप स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक मीटरिंग प्रणाली को डिजिटल बनाकर बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक सटीक, पारदर्शी और आधुनिक बनाना है।

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलेंगे कई फायदे

स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन पर बिजली की खपत की जानकारी रियल टाइम में देख सकेंगे। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर अथवा एप्पल ऐप स्टोर से संबंधित आधिकारिक ऐप डाउनलोड किया जा सकता है।
स्मार्ट मीटर से अनुमानित अथवा गलत बिलिंग की समस्या कम होगी और उपभोक्ता अपनी वास्तविक विद्युत खपत के आधार पर बिलिंग व्यवस्था को समझ सकेंगे। साथ ही बिजली की खपत पर नजर रखकर उपभोक्ता अपने बजट के अनुसार विद्युत उपयोग को नियंत्रित कर सकेंगे।
इसके अलावा बिजली आपूर्ति में व्यवधान, वोल्टेज संबंधी समस्या और अर्थ लीकेज जैसी स्थितियों की जानकारी मैसेज के माध्यम से प्राप्त होने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था सहायक होगी।
UPCL के मुताबिक स्मार्ट मीटर से मीटर में छेड़छाड़ और विद्युत चोरी पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इससे लाइन लॉस कम होने और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

विद्युत परीक्षण खण्ड, हल्द्वानी ने सभी उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान में विभागीय अथवा अधिकृत कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित हैं।
अधिशासी अभियंता, विद्युत परीक्षण खण्ड हल्द्वानी ई.डी.डी. पांगती ने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक विद्युत व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की वास्तविक जानकारी मिलने के साथ बिलिंग में पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि स्मार्ट मीटर लगाने की विभागीय मुहिम में सहयोग करें, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


स्मार्ट मीटर से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने संबंधित खंड/उपखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए UPCL की वेबसाइट www.upcl.org⁠�, UPCL Smart Meter App का प्रयोग किया जा सकता है। किसी भी पूछताछ अथवा सहायता के लिए 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।

अपील: राष्ट्रहित में विद्युत बचाएं।