20 घंटे बाद खत्म हुआ सितारगंज तहसील का गतिरोध, वार्ता के बाद खुला ताला, दोनों कर्मचारी रिहा.....
30 Jul, 2026
by Admin
विजिलेंस कार्रवाई के विरोध में चल रहा कार्य बहिष्कार समाप्त, तहसील में फिर शुरू हुआ नियमित कामकाज
सितारगंज। विजिलेंस की कार्रवाई के विरोध में सितारगंज तहसील में राजस्व कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार करीब 20 घंटे बाद गुरुवार को समाप्त हो गया। प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद सहमति बनने पर आंदोलन वापस ले लिया गया, जिसके बाद तहसील कार्यालय का मुख्य गेट खोलकर नियमित कामकाज फिर से शुरू कर दिया गया।
बुधवार को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में तहसील के एक वरिष्ठ सहायक और एक संग्रह अमीन को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई से नाराज कर्मचारियों ने इसे पक्षपातपूर्ण बताते हुए तत्काल कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया और तहसील के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। इसके चलते नामांतरण, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल सहित सभी राजस्व सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं। दूर-दराज से पहुंचे लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा।
गतिरोध खत्म कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के बीच लगातार वार्ता हुई। अंततः उच्च अधिकारियों के स्तर पर सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। इसके बाद दोनों गिरफ्तार कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया और कर्मचारियों ने कार्यालय का ताला खोलकर सामान्य कामकाज शुरू कर दिया।
करीब 20 घंटे तक ठप रही तहसील सेवाएं दोबारा शुरू होने से आम लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की गई तो वे फिर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। वहीं प्रशासन का कहना है कि बातचीत के जरिए विवाद का समाधान कर लिया गया है और तहसील में सामान्य व्यवस्था बहाल हो गई है।