Breaking News:
Image not found
12 Aug, 2026 by Admin


रामलीला मैदान जैसे सार्वजनिक स्थल पर किसी दलित नेता की जनसभा के बाद शुद्धिकरण के नाम पर हवन और गंगाजल का छिड़काव किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह सिर्फ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों अनुसूचित जाति के लोगों के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। संविधान हमें समानता और भाईचारे का अधिकार देता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं जातिगत भेदभाव की मानसिकता को उजागर करती हैं। कांग्रेस इस मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक अपनी आवाज उठाती रहेगी।” इन्दर पाल आर्य,जिलाध्यक्ष कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ


हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ दलित चिंतक मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। बुधवार को नैनीताल कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया और भाजपा का पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे ने विशाल जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद भाजपा एवं भाजपा से जुड़े संगठनों द्वारा उसी मैदान में शुद्धिकरण हवन और गंगाजल का छिड़काव किया गया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को सामाजिक समानता, भाईचारे और संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए विरोध जताया।

शुद्धिकरण’ को बताया दलित समाज के सम्मान का अपमान

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने कहा कि किसी दलित नेता के कार्यक्रम के बाद सार्वजनिक स्थल का इस प्रकार ‘शुद्धिकरण’ किया जाना केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि पूरे अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य सामाजिक भेदभाव और जातिगत मानसिकता को बढ़ावा देते हैं।
राजीव गांधी पंचायती राज, महानगर हल्द्वानी की समन्वयक राधा आर्य ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि रामलीला मैदान में किया गया कथित शुद्धिकरण बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी भेदभावपूर्ण मानसिकता का हर स्तर पर पुरजोर विरोध करेगी।
भाजपा पर लगाया दलित विरोधी मानसिकता का आरोप
जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता समय-समय पर सामने आती रही है। उन्होंने रामलीला मैदान की घटना को सामाजिक सौहार्द और संविधान में निहित समानता की भावना के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे कृत्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन..
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार कुलदीप पाण्डेय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अनुसूचित जाति समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सोशल मीडिया उत्तराखंड विनोद कुमार पिन्नू, ललित जोशी, हरेंद्र बोरा, हरेंद्र क्वीरा, नीरज तिवारी, हेमवती नंद दुर्गापाल, गोपाल राम, अर्जुन, सुरेश चंद, बहादुर राम, मनोज, चंद्र प्रकाश, हेमंत बगड़वाल, पूरन, नरेंद्र वर्मा, हेमा, प्रिया, राजपाल, भवान सिंह मेहता, गोपाल सिंह, दीपक, डिमन सिंह, चंदन सिंह, हेमंत पाठक आर्य, संजय कुमार, रोहित कुमार, विकास, राधे, टीकम चंद, ललिता आर्य, हिमांशु, केशर राम, लक्की, मोनू, इन्द्रपाल, दिनेश, हेमंती देवी, महेश प्रसाद, राजेंद्र, वीर सिंह, माया देवी, उमा शंकर, सीमा, उमा एवं गीता देवी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।