Breaking News:
Image not found
07 Aug, 2026 by Admin

रामनगर के ढिकुली स्थित ला पर्ल रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी उस समय मुसीबत में बदल गई, जब गाजियाबाद में तैनात सीओ प्रीति के परिवार के कई सदस्यों की केक खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। परिवार का आरोप है कि जन्मदिन के लिए मंगाए गए केक में फफूंद और छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। मामले में सीओ के पति मोंटी ने रामनगर कोतवाली में रिजॉर्ट प्रबंधन के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर केक समेत अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए हैं।

रअसल, दिल्ली के शाहदरा स्थित बिहारी कॉलोनी निवासी मोंटी अपने जन्मदिन के मौके पर परिवार और रिश्तेदारों के साथ रामनगर के ला पर्ल रिजॉर्ट पहुंचे थे। उनके साथ कुल 16 लोग मौजूद थे, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल थे।

परिवार के मुताबिक, जन्मदिन के लिए रिजॉर्ट से करीब दो हजार रुपये का केक मंगाया गया था। केक खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के कई सदस्यों और बच्चों को उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

मोंटी का आरोप है कि जब उन्होंने केक को ध्यान से देखा तो उसमें फफूंद और छोटे-छोटे कीड़े नजर आए। उन्होंने तत्काल रिजॉर्ट स्टाफ को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिवार के सदस्यों को प्राथमिक उपचार भी कराना पड़ा।

मोंटी ने यह भी आरोप लगाया कि रात करीब 11 बजे उन्होंने दो बार 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद उन्हें स्वयं रामनगर कोतवाली जाकर तहरीर देनी पड़ी।

मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। फूड इंस्पेक्टर असलम खान ने केक और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

फूड इंस्पेक्टर के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद टीम ने रिजॉर्ट पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया केक में कोई स्पष्ट खराबी दिखाई नहीं दी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसका सैंपल प्रयोगशाला भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री में किसी तरह की अनियमितता थी या नहीं। रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर, रिजॉर्ट प्रबंधक विक्रम बलवारिया ने परिवार के आरोपों पर कहा कि रिजॉर्ट में अपनी कोई बेकरी नहीं है और जन्मदिन का केक बाहरी विक्रेता से मंगाया गया था। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि केक किस दुकान या बेकरी से आया था और उसकी वास्तविक स्थिति क्या थी।

रिजॉर्ट प्रबंधन का कहना है कि वह भी अपने स्तर से पता लगाएगा कि केक कहां से मंगाया गया था। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित सप्लायर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन ने खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन को जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।

फिलहाल पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच जारी है। अब सभी की नजर खाद्य नमूनों की लैब रिपोर्ट पर है, जिसके बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आखिर केक की वजह से परिवार की तबीयत बिगड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।