Breaking News:
10 Aug, 2026 by Admin
चमोली। ज्योतिर्मठ की नीती घाटी के तमक क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच तमक नाले में 2–3 बार भारी अतिवृष्टि की सूचना है। अतिवृष्टि के बाद तमक नाले ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज बहाव के साथ भारी मलबा और पानी अपने साथ बहाकर ले गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से BRO द्वारा करीब एक से दो माह पहले बनाया गया तमक नाले का पुल भी बह गया है। पुल बहने के बाद क्षेत्र का ज्योतिर्मठ से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।
सेब के बागानों को भी भारी नुकसान
अतिवृष्टि से तमक क्षेत्र के स्थानीय काश्तकारों के सेब के बागानों में खड़ी फसल को भी भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। नाले के उफान और मलबे के कारण क्षेत्र में जगह-जगह तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है।
तमक क्षेत्र में हालात बिगड़ने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार बारिश और नाले के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र की तत्काल स्थिति का जायजा लेने के साथ राहत एवं बचाव की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।