
वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के निदेशक अभिषेक अग्रवाल तथा जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने संयुक्त रूप से पौधे लगाकर किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और उनके नियमित रखरखाव का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
"हरेला केवल पर्व नहीं, प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प है" — अभिषेक अग्रवाल
कंपनी के निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का ऐसा पर्व है, जो प्रकृति, हरियाली और जीवन के संरक्षण का संदेश देता है। यह पर्व हमें केवल पौधे लगाने के लिए प्रेरित नहीं करता, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सौंपता है।
उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी और सरल उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। प्रत्येक नागरिक यदि वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
उन्होंने बताया कि कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज अपने विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं परियोजनाओं में अब तक हजारों पौधे रोपित कर चुका है तथा इस मानसून सत्र में भी अनेक स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से हरेला पर्व के अवसर पर पौधरोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।