Breaking News:
Image not found
12 Aug, 2026 by Admin


सीएम धामी से सीधे संवाद का मिलेगा मौका, 16 सितंबर को उत्कृष्ट विद्यार्थियों से होगी आमने-सामने चर्चा


देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की नई पीढ़ी को राज्य के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी अपने विचार और सुझाव सरकार के साथ साझा कर सकेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 10 अगस्त 2026 को किया गया।


‘कैसा हो अपना उत्तराखंड?’ पर विद्यार्थी देंगे सुझाव


कार्यक्रम में विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भविष्य और विकास को लेकर सुझाव मांगे जा रहे हैं। इनमें पर्यटन विकास, रोजगार, वन एवं पर्यावरण, आधुनिक शिक्षा, महिलाओं की भूमिका, सड़क एवं कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य तथा तकनीकी विकास जैसे विषय शामिल हैं।
विद्यार्थी हिंदी अथवा अंग्रेजी में अपने सुझाव/निबंध ऑनलाइन पोर्टल cmvidyarthimanthan.com के माध्यम से जमा कर सकते हैं। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य

कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 2,800 से अधिक विद्यालयों के तीन लाख से ज्यादा कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जोड़ने की योजना है। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रविष्टि जमा करने के बाद डिजिटल सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

150 उत्कृष्ट सुझावों पर सीएम करेंगे मंथन

प्राप्त प्रविष्टियों में से लगभग 150 उत्कृष्ट सुझावों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 16 सितंबर 2026 को आमने-सामने संवाद करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों के सुझावों पर चर्चा की जाएगी और उपयोगी विचारों को नीति निर्माण तथा विकास योजनाओं से जोड़ने की संभावनाओं पर मंथन होगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को नई पीढ़ी के विचारों को समझने और उन्हें उत्तराखंड की विकास यात्रा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल भविष्य के दर्शक के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य के उत्तराखंड के निर्माण में भागीदार के रूप में जोड़ना है।

आधिकारिक पोर्टल: cmvidyarthimanthan.com