Breaking News:
Image not found
14 Aug, 2026 by Admin

दीक्षारंभ 2026 का समापन, विद्यार्थियों को मिला कक्षा से करियर तक नई शुरुआत का संदेश


हल्द्वानी। पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM) में आयोजित पांच दिवसीय ‘दीक्षारंभ 2026’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का प्रेरणादायक माहौल में समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को केवल अकादमिक शिक्षा से परिचित कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, नेतृत्व, संवाद, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन कौशल से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रो. मुकेश पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सकारात्मक सोच, मेहनत और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने दैनिक जीवन के रोचक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया कि कठिन परिस्थितियों में भी संभावनाओं की तलाश की जा सकती है। उन्होंने ‘Impossible’ शब्द में छिपे ‘I’m Possible’ के संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पांच दिनों कक्षा से बाहर सीखने का अवसर

दीक्षारंभ 2026 के दौरान विद्यार्थियों ने गौधाम, हल्दूचौड़, FRI की रामायण वाटिका एवं महाभारत वाटिका सहित विभिन्न स्थानों और गतिविधियों में सहभागिता की। इसके अलावा NSS एवं स्वच्छ कैंपस गतिविधियों, स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण सत्र, एलुमनाई इंटरैक्शन, खेलकूद, मनोरंजन और प्रेरणादायक संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर दिया कि उच्च शिक्षा केवल किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक सरोकार, टीमवर्क और व्यावहारिक अनुभव भी उनके भविष्य की नींव तैयार करते हैं।

पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक श्री निर्भय पाल ने कहा कि दीक्षारंभ का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण में सहज बनाने के साथ-साथ उनके भीतर आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
निर्भय पाल ने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने भीतर नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी विकसित करें। कॉलेज उनके लिए केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि अपने सपनों को पहचानने और उन्हें साकार करने का मंच है। हमारा प्रयास रहेगा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा और क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें।”
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर सीखना, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता बेहद जरूरी है।
PCTM के CEO श्री अतुल पाल ने कहा, “दीक्षारंभ 2026 हमारे नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत है। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन के व्यावहारिक पक्षों को भी समझें। इन पांच दिनों की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और भविष्य के लक्ष्यों के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिला है। हमें विश्वास है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ हमारे विद्यार्थी अपने सपनों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”

प्रबंधन ने दी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के अध्यक्ष श्री नारायण पाल, प्रबंध निदेशक श्री निर्भय पाल, सचिव श्रीमती कामिनी पाल एवं CEO श्री अतुल पाल की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन रहा। प्रबंधन की ओर से सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
पांच दिवसीय दीक्षारंभ 2026 विद्यार्थियों के लिए एक ऐसी शुरुआत के रूप में सामने आया, जिसने उन्हें अकादमिक सफर के साथ-साथ जीवन के व्यापक अनुभवों से जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि सही दिशा, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है।