Breaking News:
Image not found
29 Jul, 2026 by Admin

संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भंडारे में निभाई सेवा, गुरु के मार्गदर्शन को बताया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति...

हल्द्वानी, 29 जुलाई।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली हल्द्वानी परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित की। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

भंडारे के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह स्वयं श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और अपने हाथों से प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धालुओं की व्यवस्था संभालते हुए गुरु सेवा और जनसेवा का संदेश दिया।

"गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति को सही दिशा देता है और जीवन के हर कठिन पड़ाव में प्रेरणा प्रदान करता है। समाज में सेवा, अनुशासन और संस्कार की भावना को मजबूत करने के लिए गुरु के आदर्शों का अनुसरण करना हम सभी का दायित्व है। मैं सभी प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और कामना करता हूं कि गुरुजनों का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।"

डॉ. मंजूनाथ टीसी,एसएसपी नैनीताल

श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम आस्था के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं जनसेवा की भावना का भी प्रतीक बना।