देहरादून। रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के भीतर संचालित रोडवेज बसों में महिलाओं को 100 प्रतिशत किराया छूट देने का फैसला किया है। यानी इन दो दिनों में महिलाएं राज्य के अंदर रोडवेज बसों से मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
इस संबंध में सरकार की ओर से आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार पर मायके जाने वाली महिलाओं को राहत
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिलाओं को आने-जाने में सुविधा के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
यात्रा का खर्च सरकार की ओर से वहन
महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने से परिवहन निगम पर पड़ने वाले वित्तीय भार की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी। परिवहन विभाग ने उत्तराखंड परिवहन निगम को इस संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन पर धामी सरकार का यह फैसला महिलाओं की सुविधा, सम्मान और आर्थिक राहत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।