,सहकारिता के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का भव्य अभिनंदन, एकजुटता के संकल्प से गूंजा ओखलकांडा
21 Sep, 2026
by Kuldeep s Rautela
500 से अधिक प्रतिनिधियों और करीब 50 ग्राम प्रधानों की मौजूदगी में हुआ स्वागत समारोह, दुग्ध समितियों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भी सम्मान
भीमताल। विकासखंड मुख्यालय ओखलखांडा में सहकारिता और दुग्ध समितियों से जुड़े नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक एवं बहुद्देशीय समितियों के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संचालकों का सम्मान किया गया। समारोह में 500 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ करीब 50 ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान “हम साथ हैं, साथ रहेंगे” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और प्रतिनिधियों ने एकजुटता के साथ क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली के नेतृत्व में आयोजित समारोह की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज सुयाल ने की। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और संचालकों का पुष्पगुच्छ एवं फूल-मालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया गया।
समारोह में लालकुआं दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा समेत करीब छह दर्जन दुग्ध समितियों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों और उपाध्यक्षों तथा सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों का भी सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों की मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान “हम साथ हैं, साथ रहेंगे” के नारों के बीच सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में समितियों को अधिक सक्रिय बनाकर किसानों और दुग्ध उत्पादकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीवान सिंह भंडारी ने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में पार्टी जिस कार्यकर्ता को टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसकी जीत के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य दीपावली तक पूरा करने का संकल्प लिया गया है।
दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर काम करने पर जोर : अनुराग शर्मा "जीएम "
नैनीताल दुग्ध संघ के जीएम अनुराग शर्मा ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। दुग्ध समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों की एकजुटता के माध्यम से किसानों और दुग्ध उत्पादकों को और बेहतर लाभ पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध समितियों को मजबूत करने, दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं का समाधान कराने और उन्हें उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से गांवों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ ही दुग्ध उत्पादन से जुड़े परिवारों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष नें कहा...
नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि सहकारिता केवल पद या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे गांव के किसान और दुग्ध उत्पादक से जुड़ी व्यवस्था है। नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़े करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समितियों को और मजबूत किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि उत्पादकों को दूध के उचित मूल्य के साथ ही उत्पादन से जुड़ी सुविधाओं और योजनाओं का बेहतर लाभ मिले। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ मिलकर गांव स्तर पर समितियों को सक्रिय किया जाएगा, ताकि दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं को समय पर सामने लाकर उनका समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि मजबूत सहकारिता ही किसानों और दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने का मजबूत माध्यम बन सकती है।
ये लोग रहे मौजूद....
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, विशिष्ट अतिथि निश्चल पांडे, बलदेव आर्या, दुग्ध संघ संचालक दीपा बिष्ट, खीमा शर्मा, उमेश चिलवाल, भवान रौतेला, कमलेश भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। लालकुआं दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूदगी रही।
दुग्ध संघ संचालक पुष्पा देवी, एफओ शान्तिकोरंगा, सहकारिता से जुड़े खीम सिंह, मदन रोलिया सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश जोशी ने किया, जबकि समापन प्रदीप बिष्ट ने किया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और सहकारिता से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी के बीच कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।