Breaking News:
Image not found
11 Sep, 2026 Kuldeep s Rautela by Kuldeep s Rautela

VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई ठिकानों पर छापेमारी

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय की टीम ने 10 सितंबर को देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन OSD एवं PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही करीब 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन तथा 12 लग्जरी घड़ियां भी बरामद किए जाने की जानकारी है।
ED के मुताबिक यह कार्रवाई UKSSSC की VPDO परीक्षा में कथित बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं से जुड़े मामले में की गई है। जांच का आधार देहरादून के थाना विजिलेंस में दर्ज FIR और उससे संबंधित तीन अन्य FIR हैं।
ED की टीम ने मामले से जुड़े तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष-सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, OMR शीट की प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और कथित बिचौलियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली।
जांच के दौरान वर्ष 2014 से 2017 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना का आवास भी तलाशी के दायरे में शामिल किया गया।
ED की इस कार्रवाई के बाद VPDO परीक्षा की कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच और तेज होने के संकेत हैं। मामले में आगे और बरामदगी या कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।