मेले में खुलेआम इनाम के नाम पर दांव का खेल, सवाल—जब हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर है तो ऐसे स्टॉल पर कार्रवाई क्यों नहीं?

हल्द्वानी। हल्द्वानी की नुमाइश में जहां एक ओर जिला प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेले में खुलेआम "120 सेकेंड लटकने पर ₹100 के ₹1000" का खेल लोगों का ध्यान खींच रहा है। स्टॉल पर लगे बोर्ड और मौके पर जुटी भीड़ को देखकर कई लोग इसे महज मनोरंजन नहीं, बल्कि इनाम के नाम पर दांव लगाने जैसा खेल बता रहे हैं।
मेले में लगे इस स्टॉल पर दावा किया जा रहा है कि यदि कोई व्यक्ति 120 सेकेंड तक बार पर लटका रहता है तो उसे ₹100 के बदले ₹1000 का इनाम मिलेगा। बड़ी संख्या में लोग अपनी किस्मत आजमाने के लिए इस खेल में हिस्सा लेते दिखाई दे रहे हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब मेले में हर गतिविधि पर प्रशासन और पुलिस की निगरानी होने की बात कही जा रही है, तब इस तरह के स्टॉल का संचालन किस अनुमति के तहत किया जा रहा है? यदि यह केवल मनोरंजन का खेल है, तो इसके नियम और शर्तें क्या हैं? और यदि इसमें धन लेकर कई गुना राशि देने का प्रलोभन दिया जा रहा है, तो क्या इसकी वैधानिक जांच की गई है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी भी प्रकार की प्रतियोगिता या खेल में धनराशि लेकर कई गुना इनाम देने का प्रचार किया जा रहा है, तो उसकी पारदर्शिता और वैधता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग इस मामले की जांच करे और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।