लालकुआं में नैनीताल दुग्ध संघ की बोर्ड बैठक संपन्न, 34 प्रस्तावों पर हुआ मंथन
23 Sep, 2026
by Kuldeep s Rautela
दुग्ध संघ बोर्ड बैठक में 34 प्रस्तावों पर मंथन, कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर भी बनी रणनीति, दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले ₹2.75 करोड़ लाभ राशि देने का प्रस्ताव
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में दुग्ध संघ से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए 34 प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखे गए, जिनमें कई प्रस्तावों को चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। साथ ही आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों और प्रस्तावों को निबंधक के समक्ष भेजने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट को दी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ विषम परिस्थितियों में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को याद करते हुए उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराने पर सहमति की जानकारी दी।
दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को ₹2.75 करोड़ लाभ राशि देने का प्रस्ताव
बैठक में दुग्ध उत्पादकों से जुड़े महत्वपूर्ण आर्थिक प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पिछले वित्तीय वर्ष में ₹2.52 करोड़ की लाभ राशि के मुकाबले इस बार करीब ₹2.75 करोड़ की दुग्ध लाभ राशि संस्था से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी।
इसके अलावा कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजने पर सहमति बनी। कामगारों सहित दुग्ध संघ के करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई।
बकाया वसूली को लेकर सख्ती
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया धनराशि की वसूली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिवेशन की तैयारियों पर भी चर्चा
बोर्ड बैठक में 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन के आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। दुग्ध संघ के संचालन, कार्यप्रणाली और आगामी कार्ययोजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी बोर्ड सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। स्वीकृत प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद सहित दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।