स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रेलवे और नगर निगम ने मिलकर चलाया विशेष सफाई अभियान, कचरा और मलबा हटाकर सुधारी स्टेशन परिसर की सूरत
हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार के रूप में पहचाने जाने वाले हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के आसपास लंबे समय से सफाई और गंदगी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच रेलवे प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया। स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026 अभियान के तहत सोमवार, 21 सितंबर को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के चिन्हित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई की गई। अभियान के दौरान जमा कचरे और मलबे को हटाया गया तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया।
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन कुमाऊं में प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए अहम पड़ाव है। दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटक और यात्री स्टेशन से बाहर निकलते ही आसपास की गंदगी और दुर्गंध का सामना करते हैं। ऐसे में स्टेशन और उसके आसपास का साफ-सुथरा वातावरण शहर की पहली छवि से सीधे जुड़ा हुआ है। लंबे समय से इस क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इसी को देखते हुए रेलवे और नगर निगम की संयुक्त पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।