केएमओयू में परमिट से ज्यादा फेरे लगाने का आरोप, करोड़ों के राजस्व का मामला
हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) से संबद्ध करीब 90 से 120 बसों के संचालन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हल्द्वानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह ने संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को तीन पन्नों का शिकायती पत्र सौंपकर बसों के परमिट की शर्तों के उल्लंघन और बड़े पैमाने पर मोटर वाहन कर की कथित चोरी की जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि केएमओयू से संबद्ध कई बसों को पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के निर्धारित लंबे मार्गों, समय-सारिणी और ट्रिप के आधार पर स्टेज कैरिज परमिट जारी किए गए हैं। इसके बावजूद करीब 90 से 120 बसें कथित तौर पर अपने निर्धारित पूरे मार्ग पर संचालन करने के बजाय अधिक मुनाफे वाले छोटे मार्गों पर फिक्स फेरे लगा रही हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ बसों से निर्धारित ट्रिप से अधिक चक्कर लगाए जा रहे हैं।
राजेंद्र सिंह ने इसे परमिट की शर्तों का उल्लंघन बताते हुए मोटर वाहन अधिनियम और राज्य के मोटर वाहन कर संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में परमिट के निर्धारित मार्ग से विचलन और अतिरिक्त संचालन के कारण राजस्व हानि की भी जांच कराने की मांग की गई है।