Breaking News:
Image not found
13 Sep, 2026 Kuldeep s Rautela by Kuldeep s Rautela

धमकी भरे संदेशों से मचा हड़कंप, SSP हरिद्वार के निर्देश पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। हरिद्वार जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कथित तौर पर धमकी दिए जाने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आरोप है कि जेल अधीक्षक को लगातार फोन कॉल और WhatsApp मैसेज के जरिए डराने की कोशिश की गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जेल में बंद एक महिला बंदी की डिप्टी जेलर के साथ कथित तौर पर अभद्रता हुई थी। इस पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने महिला को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी थी। इसके करीब दो दिन बाद महिला से मिलने एक व्यक्ति जेल पहुंचा। इसके बाद ही जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे कॉल और WhatsApp मैसेज आने का आरोप है। जेल अधीक्षक के अनुसार, फोन करने वाला व्यक्ति बातचीत के दौरान लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर धमकी दे रहा था। लगातार आ रहे धमकी भरे संदेशों और कॉल को गंभीरता से लेते हुए जेल अधीक्षक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस धमकी देने वाले मोबाइल नंबर, WhatsApp मैसेज और कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
आरोपी की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है। महिला बंदी से जुड़े मामले की भी जांच बताया जा रहा है कि जिस महिला बंदी को लेकर यह घटनाक्रम सामने आया है, वह वर्ष 2023 के एक मामले में रेप और पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में विचाराधीन है। महिला से मिलने के बाद धमकी भरे कॉल आने की बात सामने आने पर पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।