उत्तरकाशी, 29 सितंबर। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के आराकोट में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की मौत होने की खबर सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में अचानक आग भड़क उठी। देर रात आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। हादसे की जानकारी संबंधित अधिकारियों और पुलिस को भी दी गई। आग बुझाने के बाद भवन के अंदर से सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन का शव बरामद होने की सूचना है।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना की जानकारी जुटा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता और आक्रोश है। प्रशासन की ओर से हादसे की परिस्थितियों और आग लगने के कारणों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।