Breaking News:
Image not found
02 Oct, 2026 Kuldeep s Rautela by Kuldeep s Rautela

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU) के हल्द्वानी परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में दोनों महापुरुषों के विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। वहीं, सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने जग्गी बांगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के अहिंसा और स्वच्छता के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उनके विचारों को याद करने से नहीं, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कर्मों में उतारने से होगी। स्वच्छ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति आगे आकर नेतृत्व करना चाहिए।

जग्गी बांगर में छात्र-छात्राओं ने किया श्रमदान

जयंती समारोह के बाद विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने संयुक्त रूप से समीपवर्ती जग्गी बांगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। छात्र-छात्राओं ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई करते हुए कचरा एकत्र किया और प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया।

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता, प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि ऐसे सामाजिक अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज के प्रति सेवा भाव विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।