कालिंदी पास समेत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बना चुनौती, बाकी लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी
उत्तरकाशी। गंगोत्री रेंज के कालिंदी पास समेत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए 136 पर्वतारोही व ट्रैकर्स भारी बर्फबारी के कारण अलग-अलग स्थानों पर फंस गए। मौसम बिगड़ने के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू एजेंसियों के साथ मिलकर बचाव अभियान तेज किया। सोमवार को अभियान के तहत 40 लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया।
बताया गया कि हिमालय हाइकर्स समेत विभिन्न कंपनियों के सदस्य कालिंदी पास और गंगोत्री रेंज के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रैकिंग व पर्वतारोहण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान क्षेत्र में लगातार बर्फबारी होने और मौसम खराब रहने से उनकी वापसी प्रभावित हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने आपसी समन्वय से बचाव अभियान शुरू किया। सोमवार को हेलीकॉप्टर की मदद से 40 लोगों को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी मौजूद अन्य पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।खराब मौसम, भारी बर्फबारी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू टीमों को अभियान के दौरान लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।