राजकीय कन्या इंटर कॉलेज धौलाखेड़ा में जागरूकता कार्यक्रम, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों से बचने की अपील
नैनीताल, 24 अगस्त 2026। जनपद नैनीताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने रविवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, धौलाखेड़ा, मोटाहल्दू में एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्य, शिक्षकों और छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, टीकाकरण की उपयोगिता और इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीएमओ ने कहा कि बच्चों और उनके अभिभावकों तक एचपीवी टीकाकरण से जुड़ी सही, वैज्ञानिक और चिकित्सकीय जानकारी पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर विश्वास न करें और चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दें।