Breaking News:
Image not found
25 Sep, 2026 Kuldeep s Rautela by Kuldeep s Rautela
देहरादून। प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर माह के वेतन एवं पेंशन भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 26 सितंबर 2026 (शनिवार) तक जारी करने की कार्रवाई पूरी कर ली जाए।
प्रमुख सचिव उत्तराखंड शासन रमेश कुमार सुधांशु की ओर से 25 सितंबर 2026 को जारी पत्र में सभी जिलाधिकारियों तथा निदेशक, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है बैंक हड़ताल

शासन के पत्र में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के हवाले से कहा गया है कि 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को सितंबर माह का भुगतान समय से पहले करने का निर्णय लिया गया है।
शासन ने कहा है कि बैंक हड़ताल के चलते सितंबर माह के वेतन एवं पेंशन के भुगतान में देरी की संभावना को देखते हुए संबंधित प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली जाए।

26 सितंबर तक भुगतान का लक्ष्य

शासन ने निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार के समस्त कार्मिकों एवं पेंशनरों के सितंबर 2026 के वेतन/पेंशन का भुगतान 26 सितंबर 2026 तक करने का कष्ट किया जाए। इसके लिए कोषागार स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

वेतन निर्धारण में अंतर हुआ तो अक्टूबर में होगा समायोजन

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारी या पेंशनभोगी के पूरे माह के वेतन अथवा पेंशन का निर्धारण करने के बाद यदि किसी प्रकार का समायोजन आवश्यक पाया जाता है, तो उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन/पेंशन में किया जाएगा। साथ ही संबंधित लेखांकन प्रक्रिया भी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के इस फैसले से बैंक हड़ताल के दौरान वेतन और पेंशन भुगतान प्रभावित होने की आशंका को कम करने की कोशिश की गई है।